राजस्थान के Kota स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही मॉल में मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गई।

आग की सूचना पर एक दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है। मॉल के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद आसपास के इलाकों में धुएं का गुबार फैल गया, जिसके चलते एहतियातन पास के घरों और एक कोचिंग संस्थान को खाली करा लिया गया। प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग उस हिस्से में लगी जहां सुबह के समय दुकानें अभी खुली नहीं थीं। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में करीब पांच दुकानें आ गईं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मॉल पूरी तरह खुला नहीं था, जिसकी वजह से बड़ी जनहानि टल गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आसपास ज्वलनशील पदार्थ या गैस सिलेंडर तो मौजूद नहीं थे। सिविल डिफेंस और नगर निगम की टीम भी मौके पर राहत कार्य में जुटी रही।




