दमोह कलेक्टर कार्यालय में मचा हड़कंप, फोन सेट सील कर शुरू हुई तकनीकी जांच
दमोह में प्रशासनिक गोपनीयता भंग होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने खुद स्टिंग जैसी कार्रवाई कर यह खुलासा किया कि उनके कार्यालय की गोपनीय चर्चाएं और फोन कॉल्स बाहर तक पहुंच रही थीं। मामले के सामने आते ही कलेक्टर कार्यालय में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया, जबकि दो अन्य कर्मचारियों को कार्यालय से हटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एक विभाग के गुप्त निरीक्षण की योजना बना रहे थे। इस संबंध में कलेक्टर कक्ष में सीमित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ चर्चा की गई थी। लेकिन कुछ ही समय बाद संबंधित विभाग तक निरीक्षण की जानकारी पहुंच गई। इससे कलेक्टर को संदेह हुआ कि उनके चैंबर की गोपनीय बातें किसी न किसी माध्यम से बाहर लीक हो रही हैं।

मोबाइल से किया सीक्रेट टेस्ट
सूत्रों के मुताबिक, मामले की सच्चाई जानने के लिए कलेक्टर ने खुद एक विशेष परीक्षण किया। उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर न्यूज चलाकर उसकी आवाज तेज कर दी और मोबाइल को कमरे में छोड़कर बाहर निकल गए। दावा किया जा रहा है कि पास के कमरे में मौजूद फोन पर वही आवाज सुनाई दी। इससे यह आशंका मजबूत हो गई कि कलेक्टर कक्ष की गतिविधियां किसी तकनीकी माध्यम से दूसरे कमरे तक पहुंच रही थीं।
एक कर्मचारी निलंबित, दो कर्मचारियों को हटाया गया
मामले के सामने आने के बाद सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी सचिन खरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं अजय कुमार असाटी और भृत्य जयदेव अहिरवार को कलेक्टर कार्यालय से हटाकर उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है।
फोन सेट सील, तकनीकी जांच जारी
प्रशासन ने कलेक्टर कार्यालय में लगे दो टेलीफोन सेट सील कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिए हैं। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर गोपनीय सूचनाएं किस तकनीक या तरीके से बाहर पहुंच रही थीं और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
लंबे समय से चल रही थी गतिविधि
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आशंका जताई है कि कुछ कर्मचारी निजी स्वार्थ या अधिकारियों की नजर में बेहतर छवि बनाने के उद्देश्य से गोपनीय जानकारियां बाहर साझा कर रहे थे। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और प्रशासन इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रहा है।




