श्योपुर। जिले में दलित समाज के साथ कथित मारपीट और मकान तोड़े जाने की घटना को लेकर बुधवार को बहुजन समाज पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। बसपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गंगाधर जाटव के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और डिप्टी कलेक्टर संजय जैन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बसपा नेताओं का आरोप है कि वीरपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव नहेलापुरा में जाटव समाज के परिवार लंबे समय से निवास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गैरमौजूदगी में कुछ लोगों ने उनके पक्के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर का सामान भी उठा ले गए। पार्टी का कहना है कि जब पीड़ित परिवार मौके पर पहुंचे तो उन पर लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया।

घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बसपा के अनुसार हमले में महिलाएं भी घायल हुई हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों को पहले सुरक्षा देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
प्रदर्शन के दौरान बसपा नेताओं ने मांग की कि पीड़ितों पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाए, क्षतिग्रस्त मकानों का पुनर्निर्माण कराया जाए और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए।
पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जिले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बसपा नेताओं ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




